धूमीमल ऑर्ट गैलरी के सौजन्य से फ्रांसिस न्यूटन सूज़ा के बहुत से काम एक साथ देखने का मौका हमें मिलने जा रहा है, तो यह सचमुच एक बड़े रोमांच की बात है | दिल्ली में धूमीमल ऑर्ट गैलरी के रवि जैन को सूज़ा के काम के एक बड़े संग्रहकर्ता के रूप में जाना-पहचाना जाता है | दिल्ली में, हालाँकि इब्राहिम अलक़ाज़ी के पास भी सूज़ा के चित्रों का अच्छा खासा संग्रह है | इब्राहिम अलक़ाज़ी के पास तो सूज़ा की बिल्कुल शुरुआती पेंटिंग्स भी हैं, जिन पर न्यूटन के नाम से हस्ताक्षर हैं | इन पेंटिंग्स को अलक़ाज़ी ने कुछ साल पहले - सूज़ा जब जीवित थे - अपने एक शो में प्रदर्शित भी किया था | साल 2002 के मार्च माह की 28 तारीख को हुए सूज़ा के निधन के बाद वढेरा ऑर्ट गैलरी ने हालाँकि 'ए ट्रिब्यूट टु फ्रांसिस न्यूटन सूज़ा' शीर्षक से सूज़ा के चित्रों की एक बड़ी प्रदर्शनी की थी, लेकिन उसमें सूज़ा के पचास और साठ के दशक में किए गये काम ही ज्यादा थे; बाद के भी कुछ काम थे, पर उनकी संख्या कम थी | धूमीमल ऑर्ट गैलरी के सौजन्य से ललित कला अकादमी की दीर्घाओं में 9 अप्रैल से सूज़ा के चित्रों की जो प्रदर्शनी होने जा रही है, उसमें सूज़ा के साल 1940 से 1990 के बीच किए गये कामों में से चुने गये करीब दो सौ कामों को प्रदर्शित करने की तैयारी है | इस हिसाब से कह सकते हैं कि निधन के बाद सूज़ा के चित्रों की यह सबसे बड़ी प्रदर्शनी है | इस तरह इसे सूज़ा की सिंहावलोकन प्रदर्शनी के रूप में भी देखा जा सकता है | इस प्रदर्शनी को यशोधरा डालमिया ने क्यूरेट किया है |
सूज़ा पहले भारतीय चित्रकार हैं जिन्हें पश्चिम के कला प्रेमियों, प्रशंसकों, प्रेक्षकों व व्यापारियों ने मान्यता दी और एक कलाकार के रूप में जिनका लोहा माना | प्रसिद्व दार्शनिक व चिंतक एज़रा पाउंड ने घोषित किया था कि 'सूज़ा महान है और वह इस बात को जानता भी है |' सूज़ा 1949 में लंदन चले गये थे | हालाँकि वह वहाँ गये थे घूमने - फिरने के लिहाज से और म्यूजियम आदि देखने ताकि उनका ज्ञान और सौंदर्यशास्त्र की समझ बढ़ सके | लेकिन वहाँ पहुँच कर उनका पेंटिग करने में ऐसा मन लगा कि फिर उन्होंने वहीं बस जाने का फैसला कर लिया | उनकी पत्नी मारिया ने वहाँ नौकरी की और उन्होंने पेंटिंग | 1955 में उन्होंने लंदन में पहली प्रदर्शनी की | उस समय तक हालाँकि वह वहाँ खासे जाने - पहचाने हो गये थे | प्रदर्शनी के बाद तो वह वहाँ पूरी तरह स्थापित हो गये | महान कलाकार हेनरी मूर और ग्रैम सदरलैंड वहाँ उनके खास दोस्तों में थे | 1956 में सूज़ा स्टॉकहोम गये | वहाँ वह अकबर पदमसी और हैदर रज़ा के साथ मैडम कुटूरी से मिलने गये, जो पिकासो की मित्र थीं | वह लोग बातें कर ही रहे थे कि पिकासो वहाँ आ गये | इस बात को याद करते हुए सूज़ा ने एक बार कहा था कि 'वह बहुत ही रोमांचकारी क्षण था |'
सूज़ा का जन्म गोवा में हुआ था, लेकिन जल्दी ही उनकी माँ उन्हें लेकर मुंबई आ गई थीं | सूज़ा के जन्म के कुछ ही बाद उनके पिता का देहांत मात्र 24 साल की उम्र में ही हो गया था | सूज़ा की बड़ी बहन की भी मृत्यु डेढ़ - दो साल की उम्र में ही हो गई थी | बचपन में सूज़ा को भी चेचक हो गई थी, जिसके कारण उनकी माँ को उन्हें लेकर डर हुआ और नतीजतन वह उन्हें लेकर मुंबई आ गईं | मुंबई में उनकी माँ को किसी चर्च से कपड़े सिलने का काम मिला था, जो कि वह बहुत बारीकी से करती थीं | सिले हुए कपड़े को वह कशीदाकारी से सजाती भी थीं | इस बात को याद करते हुए सूज़ा ने एक बार कहा था कि वह भी अपनी पेंटिंग्स को उसी तरह सजाने की कोशिश करते हैं | सूज़ा की माँ उन्हें संत बनाना चाहती थीं क्योंकि बचपन में उन्हें जब चेचक हुई थी तब उनकी माँ ने सेंट फ्रांसिस जेवियर के सामने उन्हें संत बनाने की प्रतिज्ञा की थी | लेकिन सूज़ा ने माँ की इस प्रतिज्ञा को पूरा करने में कोई दिलचस्पी नहीं ली | दरअसल धर्म को लेकर सूज़ा में कभी कोई दिलचस्पी पैदा ही नहीं हो सकी, क्योंकि उन्होंने हमेशा ही चीजों को व स्थितियों को तार्किक तरीके से समझने का प्रयास किया |
सूज़ा को चित्र बनाना तो बचपन से ही पसंद था और इसीलिए बड़े होकर उन्होंने कला की विधिवत शिक्षा लेने का फैसला किया | इसके लिये उन्होंने जे जे कॉलेज ऑफ ऑर्ट में दाखिला लिया, पर वह वहाँ अपना कोर्स पूरा नहीं कर सके | असल में, कॉलेज में लगे इंग्लैंड के झंडे यूनियन जैक को उतार कर गांधी जी का झंडा लहराने के काम में उन्होंने अपने कुछ साथियों के साथ बढ़चढ़ कर भाग लिया था, जिसके चलते उन्हें कॉलेज से निकाल दिया गया था | तब वह गोवा लौट गये थे और वहाँ लैंडस्केप पेंट करने लगे | गोवा में बनाई पेंटिंग्स की उन्होंने मुंबई में प्रदर्शनी की और पहली ही प्रदर्शनी में उनकी एक पेंटिग बड़ौदा म्यूजियम ने खरीदी थी | गोवा में उनका मारिया फिनरारो नाम की लड़की से परिचय हुआ | उन्हें बाद में पता चला कि उसने अपनी सारी तनख्वाह उनकी पेंटिंग्स खरीदने में खर्च कर दी है | मारिया से ही बाद में उनकी शादी हुई | सूज़ा ने कुछ लिखा - लिखाया भी है, लेकिन लिखना उनके लिये कभी भी पेंट करने से ज्यादा महत्त्वपूर्ण नहीं रहा | पेंट करना उनका मन का काम रहा | इसके चक्कर में उन्होंने नौकरी नहीं की | जब साधन कम रहे, तब भी नहीं | साधन कम रहे, तब भी उन्होंने लेकिन पेंटिंग करना नहीं छोड़ा |
सूज़ा ने प्रायः आकृतिमूलक काम ही किया है | उनका साफ़ कहना रहा कि उनके लिये आकृति ही सब कुछ है | इसलिए वह जब भी कोई पेंटिंग बनाते हैं तो वह किसी आकृति की ही होती है, जिसकी एक निश्चित रूपरेखा हो | उनका मानना और कहना रहा कि एक महान पेंटिंग वही है जिसमें आकृति एक निश्चित रूपरेखा में चित्रित की गई हो | दो आयामी चित्रों में आप त्रिआयामी चीजों को उतार सकते हैं और साथ ही उनमें रंग भर सकते हैं, पर इसके लिये यह जरूरी है कि पेंटिंग का एक निश्चित आधार हो | सूज़ा का व्यवहार खासा आक्रामक था और अपने समकालीन चित्रकारों के साथ उनकी खासी गर्मागर्मी रहती थी | उनका यह 'व्यवहार' उनके चित्रों में भी दिखता रहा है, और इसी 'व्यवहार' के कारण उनके चित्रों में 'बोल्डनेस' रही है - रूप के स्तर पर भी और विषय के स्तर पर भी | इसी के चलते उन पर यह आरोप भी लगा कि उनमें एक प्रकार का परावर्शन और डिस्टार्शन है | 'बोल्डनेस' के कारण ही उन्हें मूर्तिभंजक चित्रकार के रूप में भी देखा / पहचाना गया है |
In 2011, the global art auction market generated 21% more than in 2010 and every single segment of the art market had progressed in terms of turnover
-
While old economies are struggling, growth is accelerating in the BRICS
countries. The five BRICS - Brazil, Russia, India, China and South Africa-
hav...
14 hours ago





0 comments:
Post a Comment